लखीमपुर खीरी। कॉलेज जा रही 12वीं की एक छात्रा को उसका प्रेमी बहला फुसलाकर शहर की एक कांशीराम कॉलोनी निवासी अपने दोस्त के कमरे पर ले गया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। छात्रा के विरोध करने की आहट मिलने पर आसपास के लोगों ने यूपी 100 को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे सदर कोतवाल ने दोनों युवकों को दबोच लिया और छात्रा समेत तीनों को कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा है।
घटना बुधवार सुबह करीब सात बजे की है। शहर की एक छात्रा का दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग था। छात्रा जब घर से स्कूल जाने के लिए निकली तो प्रेमी उसे रास्ते में मिल गया। छात्रा के मुताबिक आरोपी उसे बहाने से कांशीराम कॉलोनी स्थित एक कमरे में ले गया। जहां एक युवक पहले से ही मौजूद था। दोनों युवक उससे जोर जबरदस्ती करने लगे। वह विरोध कर रही थी। उधर, आसपास के लोगों को जब कमरे में किसी लड़की के होने की आहट मिली तो यह बात अन्य लोगों को बताई गई। इस पर कॉलोनी के कई लोग मौके पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना यूपी 100 को दी। सूचना पर यूपी 100 और सदर कोतवाल दीपक शुक्ला महिला सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से एक तलवार भी बरामद की है। पुलिस दोनों युवकों और छात्रा को लेकर कोतवाली आई। कॉलोनीवासियों ने कमरा स्वामी पर सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
सदर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि मोहल्ले वालों की तहरीर पर शहर के मेला मैदान निवासी साहिल और राहुल तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मौके पर मिली तलवार कब्जे में ले ली गई है। सेक्स रैकट मामले की जांच की जा रही है।
घर में घुसकर युवती से रेप का प्रयास
धौरहरा खीरी। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के एक गांव का युवक गांव की ही एक युवती के घर में घुस गया और उसके साथ रेप का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़िता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दिन में सर्कस दिखाने का कार्यक्रम चल रहा था। एक घर के लोग सर्कस देखने गए थे, जबकि उनकी 18 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। युवती को अकेला देखकर गांव का ही एक युवक घर में घुस गया और युवती को दबोच लिया। उसके साथ छेड़छाड़ कर रेप का प्रयास किया। पीड़िता के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इस पर आरोपी घर से भाग निकला। सूचना पर पिता और परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंचे तो युवती ने पूरी बात बताई। इस पर परिवार के लोग पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। हालांकि प्रभारी कोतवाल बृजेश त्रिपाठी तहरीर मिलने की बात से साफ इंकार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह मामले की जानकारी करा रहे हैं।
नाबालिग से दुराचार का आरोपी गिरफ्तार
धौरहरा खीरी। कोतवाली पुलिस ने दुराचार के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जिसका चालान कर कोर्ट में पेश किया जहां से अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी 18 अगस्त को शौच के लिए गई थी, जिसे गांव का ही धर्मेेंद्र भुर्जी उठाकर गन्ने के खेत में ले गया और उसके साथ दुराचार किया था। पुलिस ने पीड़िता की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। प्रभारी कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने फरार आरोपी धर्मेंद्र भुर्जी को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।