अंतर जनपदीय लुटेरा गैंग का खुलासा, सात गिरफ्तार
पिकअप से आकर करते थे लूट, डकैती चोरी
खीरी, हरदोई, सीतापुर की भी खुली कई वारदातें
एसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
19 एलकेएच 10
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। जिले में वाहनों से आकर अक्सर घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसपी की रणनीति सफल हुई। मैगलगंज और मितौली पुलिस ने अंतर जनपदीय गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सरगना भाग निकला। पुलिस ने खीरी के अलावा हरदोई और सीतापुर में हुई चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए लूटा गया माल भारी संख्या में असलहे, घटनाओं में प्रयुक्त चोरी की पिकअप और दो बाइक भी कब्जे में ली हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि पांच मार्च को बदमाशों ने थाना मितौली होमगार्ड और दो अन्य व्यक्तियों को घायल कर बाइक, नकदी लूट ली थी। उसी दिन मैगलगंज के गांव कुसमी, चौगानपुर, मितौली के गांव मैनहन, खीरी सीमा पर स्थित सीतापुर जिले के थाना महोली के गांव महेबा, ब्रह्माबली में घटना की थी। लगातार थाना महोली के बेनीपुर, कचुरी, छेलिया, थाना पिसावां के ग्राम भखुरा, थाना इमलिया के गांव पेरई रामपुर में डकैती, लूट और चोरी की गई। पता चला कि चार पहिया वाहन सवार बदमाश घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बदमाशों के पकड़े जाने का प्लान बनाया। एएसपी घनश्याम चौरसिया व सीओ मितीली प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस और स्वॉट टीम खुलासे में लगी थी। रविवार रात पुलिस ने चंद्रिका सिंह सुंदर सिंह डिग्री कॉलेज फत्तेपुर के पास डकैती की योजना बनाते मितौली निवासी सद्दाम, इश्त्यिाक, उस्मान बंजारा, नीरज, अजय पासी, धर्मेंद्र उर्फ निजाम को लूट की योजना बनाते दबोच लिया, जबकि गैंग का सरगना अंधेरे का लाभ लेकर भाग निकला। पुलिस ने चोरी की एक पिकअप, दो बाइक और भारी संख्या में असलहे, लोहे की रॉड, कारतूस, लूटे गए जेवर आदि बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
00
गैंग होगा रजिस्टर्ड, गैंगस्टर भी लगेगा
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि गैंग का सरगना मितौली निवासी रामकुमार मौर्य है। उसके खिलाफ लखीमपुर खीरी, सीतापुर और हरदोई जिले को मिलाकर 19 चोरी, लूट, डकैती जैसे संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि सरगना पुलिस के हाथ अभी नहीं लग सका है। पुलिस उसे तलाश कर रही है। सभी बदमाशों के खिलाफ पहले गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। एसपी डॉक्टर एस चन्नप्पा ने बदमाशों को पकड़े वाली टीम को 25 हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।