तमंचे के बल पर युवती से दुष्कर्म का आरोप
आरोपी नौकरी के बहाने कागजात लेकर कर ली कोर्ट मैरिज
सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर मिलने पर दर्ज की नामजद रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। नौकरी का झांसा देकर एक युवती से लखीमपुर के युवक ने जनवरी 2017 में उसके फोटो व शैक्षिक प्रमाण समेत कई कागजात ले लिए। काफी समय बीतने के बाद आरोपी ने बताया कि उसने युवती से कोर्ट मैरिज कर ली है। इसके बाद आरोप है कि चौदह मार्च को आरोपी अपने एक अज्ञात साथी संग युवती के घर पहुंचा। जहां तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट कर दूसरी जगह शादी करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। रविवार 18 मार्च 2018 को तहरीर के आधार पर सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी बुआ के घर पर रहती है और गायिका है। दो साल पहले एक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात मैलानी (लखीमपुर खीरी) के बाकेगंज निवासी शिवम जायसवाल से हुई। इसके बाद दोनों ने कई कार्यक्रम एक साथ किए। जनवरी 2017 में आरोपी ने पीड़िता को लखीमपुर में सफाई कर्मचारी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उससे आधार कार्ड, फोटो, शैक्षिक प्रमाण पत्र आदि कई कागजात ले लिए। कुछ कागजात पर हस्ताक्षर भी कराया। कई दिनों तक नौकरी के बारे में पूछताछ करने पर टालमटोल करता रहा। आरोप है कि 14 मार्च को पीड़िता घर पर अकेली थी। इस दौरान सुबह करीब 11 बजे आरोपी अपने एक दोस्त के साथ आया और कमरे में ले जाकर तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने बताया कि नौकरी के बहाने लिए गए कागजात के जरिए उसने जालसाजी कर कोर्ट मैरिज कर ली है। अब अगर युवती ने किसी दूसरी जगह शादी की तो उसको जान से मार देगा। इसके अलावा एसिड से हमला करने की धमकी देकर आरोपी चला गया। एसएचओ सुनगढ़ी मोहम्मद कासिम ने बताया कि मामले की तहरीर के आधार पर आरोपी शिवम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।