लखीमपुर/सिंगाही। वाहन चेकिंग के दौरान शुक्रवार को थाना सिंगाही पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई। पुलिस ने बाइक से आ रहे अंतरजनपदीय बाइक चोर गैंग के तीन सदस्यों के पास से 2.13 लाख रुपये की पुरानी करेंसी बरामद की। पुलिस ने जब बाइक की पड़ताल की तो वह भी चोरी की निकली। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
एसओ रामकुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार को वह पुलिस फोर्स के साथ अयोध्या सिन्हौना मार्ग पर स्थित सिंगहा तिराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक डिस्कवर बाइक से तीन युवक पहुंचे। पुलिस ने जब उन्हें रोककर बाइक के कागज मांगे तो तीनों कोई कागज नहीं दिखा सके। पूछताछ करने पर भी वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। शक होने पर पुलिस ने जब तलाशी ली तो उनके पास से पुराने एक हजार और पांच सौ के नोट कुल 2.13 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस तीनों को लेकर थाने आई और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम शामली निवासी सर्वजीत सिंह, थाना सिंगाही के गांव रमुवापुर निवासी हरप्रीत सिंह और बहराइच जिले के थाना मोतीपुर के गांव सियापुरवा निवासी भरवेन्द्र सिंह बताया। एसओ ने बताया कि तीनों शातिर बाइक चोर हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सीतापुर, बहराइच, लखनऊ सहित कई स्थानों से बाइक चोरी कर वे लोग नेेपाल में बिक्री करते हैं। तीनों पुरानी करेंसी को नए नोटों में बदलने के लिए किसी के पास सिंगाही की तरफ आ रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
0000000000000000