संपूर्णानगर। भारत-नेपाल सीमा की बसही बीओपी एसएसबी के जवानों ने भारत से नेपाल जा रहे इलेक्ट्रानिक एवं हार्डवेयर का लाखों रुपये का माल बरामद किया है। साथ ही एक व्यक्ति को भी पकड़ा है। जबकि मौका पाकर दो लोग फरार हो गए। बरामद माल व अभियुक्त को एसएसबी ने कस्टम के सुपुर्द कर दिया है।
भारत-नेपाल सीमा के बसही बीओपी कंपनी कमांडेंट रामचंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक माहेश्वरी मेधवी, विकास मिश्र आदि को जवानों के साथ पिलर संख्या 200 के पास गश्त के लिए लगाया गया था। जहां भारत से नेपाल आ रहे तीन युवकों को देखा तो उनको रुकने का इशारा किया। इस दौरान दो लोग तो साइकिल व माल छोड़कर फरार हो गए। लेकिन बाइक सवार राजू निवासी कंचनपुर नेपाल को जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि यह माल वह नेपाल ले जाकर बेचने वाला था। बरामद इलेक्ट्रानिक व हार्डवेयर माल की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पकड़े गए अभियुक्त व बरामद माल को एसएसबी ने कस्टम पलिया के सुपुर्द कर दिया है।