गोला गोकर्णनाथ। नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज के वार्ड नंबर 19 में चोरों ने रात में एक आढ़ती के मकान का ताला तोड़कर एक लाख रुपये की नकदी और करीब दो लाख के जेवर चुरा ले गए। चोरों ने मोहल्ले में ही अन्य दो मकानों के भी ताले तोड़े जिसमें एक मकान में चोरों को कुछ नहीं मिला और दूसरे घर में जाग होने पर चोर भाग निकले। मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी आढ़ती रईस अहमद ने बताया कि उसकी पत्नी और बच्चे नेपाल स्थित ससुराल गए हैं। वह अकेला होने के कारण रात में घर में ताला डालकर पुराने मकान पर सोने के लिए चला गया। चोरों ने रात में घर में घुसने के बाद चैनल का ताला तोड़ा और तीन कमरों के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया। रईस ने बताया कि चोर एक लाख नकदी और जेवर समेत लाखों सामान चोरी कर ले गए। इसी रात मोहल्ले में रईस के मकान से चंद कदमों की दूरी पर लक्ष्मीकांत जायसवाल के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। मुख्य द्वार का ताला तोड़ने के बाद घुसे चोरों ने मकान के अंदर छह कमरों के ताले तोड़ डाले। लक्ष्मीकांत जायसवाल अभी जल्द ही मकान को खाली कर पंजाबी कॉलोनी स्थित अपने नए मकान में शिफ्ट हो गए हैं। इसलिए यह मकान खाली होने के कारण चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। मोहल्ले में ही रक्षा देवी मंदिर के निकट तिलकराम के मकान के चैनल का ताला चोरों ने तोड़ दिया किंतु जाग होने पर चोर मौके से भाग निकले। चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है।