लखीमपुर खीरी। सोमवार को मितौली और धौरहरा थाना क्षेत्रों में एक किशोरी और एक विवाहिता ने अपने घरों में मिट्टी की तेल डालकर खुद को आग लगा ली। परिवार के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मितौली। कस्बा निवासी रामासरे की विवाहित पुत्री 25 वर्षीय मंजू ने सोमवार की सुबह घर (मायके) में मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। चीख-पुकार सुनकर उसकी मां राजेश्वरी समेत परिवार वालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, जिसके बाद गंभीर रूप से झुलस चुकी मंजू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसी विवाहिता की मां राजेश्वरी ने बताया कि पांच साल पहले मंजू की शादी सीतापुर जिले के बड़ागांव चौकी क्षेत्र के गांव चितहला निवासी रिंकू से हुई थी। आरोप है कि मार्च में रिंकू ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था, इसके बाद से वह उसे अपने साथ नहीं ले गया। इससे आहत होकर मंजू ने आत्मदाह कर जान देने का प्रयास किया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गांव अमेठी निवासी छोटेलाल की पुत्री 16 वर्षीय अनीसा ने घर में रखा मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उसे जलता देखकर छोटी बहन रूबी ने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाकर अनीसा को बचाया। घटना के समय अनीसा का पिता खेत पर काम करने गया था। सूचना पर कोतवाल दीपक शुक्ला ने 108 एंबुलेंस से सीएससी धौरहरा भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. आरआर वर्मा ने बताया कि किशोरी 90 प्रतिशत तक जल चुकी है। हालत गंभीर है। परिवार वालों ने आग लगने का कारण बताने से इनकार कर दिया।
=======================