लखीमपुर खीरी/ सिकंद्राबाद। मायके गई पत्नी के हफ्ते भर से बात न करने से परेशान उमाशंकर (35 साल) ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली। घटना थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव मिर्जापुर की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव मिर्जापुर निवासी विनाम प्रकाश ने बताया कि उनके छोटे भाई उमाशंकर ने बिहार की युवती से करीब तीन साल पहले शादी की थी। दो महीने पहले भाई की पत्नी अपने मायके बिहार चली गई। भाई उमाशंकर ने जब मोबाइल पर कॉल कर हाल पूछा तो दो-तीन बार तो पत्नी ने बात की, लेकिन हफ्ते भर पहले उमाशंकर और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई। इस पर पत्नी ने दोबारा कॉल करने से मना कर दिया था। तभी से उसका भाई मानसिक तनाव में था। उधर, हफ्ते भर से भाई लगातार मोबाइल पर कॉल कर अपनी पत्नी से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा था। इससे भाई अधिक परेशान हो गया।
गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर भाई ने गमछे से फांसी का फंदा गले में कसकर कुंडे से लटककर आत्महत्या कर ली। एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई विनाम प्रकाश की सूचना पर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।