पीड़ित शाहजहांपुर का निवासी, कार और बाइक छोड़ दो बदमाश भागे
कोतवाली क्षेत्र में पसगवां रोड पर शंकरपुर चौराहे के निकट बाइक सवार युवक से तीन बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित के शोर मचाने पर गश्त कर रहे दरोगा मौके पर पहुंचे और एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि कार और बाइक छोड़कर दो बदमाश भाग निकले। सीओ मनोज यादव और कोतवाल सीबी सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर के गांव रसूलाबाद निवासी गोविंद बुधवार की शाम को बाइक से अपने चाचा कमलेश निवासी गुरेला के यहां जा रहा था। रास्ते में शंकरपुर चौराहे के निकट वह बाइक खड़ी कर शौच करने लगा। तभी पीछे से आए कार और बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर उसे घेर लिया, फिर बाइक की डिक्की से 45 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान गोविंद ने शोर मचा दिया, जिसे सुनकर गश्त कर रहे एसआई अतुल कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि अन्य दो बदमाश कार और बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। पकड़े गए बदमाश की पहचान मोहम्मदी निवासी सोनू मिश्रा के तौर पर हुई है। कोतवाल सीबी सिंह ने बताया कि मामले में पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसके दो फरार साथियों को पकड़ लिया जाएगा, क्योंकि अभी रुपये बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस बरामद कार और प्लेटिना बाइक की भी जांच कराएगी, कि कहीं चोरी की तो नहीं हैं।