फंदे पर लटकता मिला विवाहिता का शव
मृतका के पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरधान। थाना क्षेत्र के गांव बेरिहा तारनपुर गांव निवासी गोविंद की पत्नी 22 वर्षीय संतोषी का शव बृहस्पतिवार को उसके घर में ही लटकता मिला। मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मृतका के पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है
कोतवाली धौरहा के मोहल्ला बाजार निवासी लज्जावती ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री संतोषी की शादी 27 अप्रैल 18 को थाना फरधान के गांव बेरिहा तारनपुर निवासी राम महेश के पुत्र गोविंद के साथ की थी। गुरुवार को उसका शव संदिग्ध हालात में कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला है। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज की खातिर पुत्री को मारपीट कर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव लटकाने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है। पुलिस ने मृतका की मां लज्जावती की तहरीर पर पति गोविंद, ससुर राममहेश, सास छोटी, जेठानी, ननंद और देवर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-------------
संदिग्ध हालात में किशोरी ने लगाई फांसी
दो माह पहले मृतका की मां ने आग लगाकर की थी आत्महत्या
निघासन। गांव दुबहा में शुक्रवार की शाम करीब चार बजे एक किशोरी ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी के आत्महत्या करने का कारण पता नहीं चल सका है।
गांव दुबहा निवासी जीवनलाल ने बताया कि लखीमपुर में एक मुकदमे की पेशी होने के कारण वह दो दिन पहले गया था। शुक्रवार को करीब चार बजे सूचना मिली की उसकी 13 वर्षीय पुत्री अंजली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जीवन लाल के बेटे अरुण ने बताया कि शुक्रवार को वह खेतों की ओर गया था। उसकी छोटी बहन नंदनी और दुर्गेश्वरी घर के बाहर खेल रही थीं। घर में कोई नहीं थी। अंजली ने कमरे के अंदर छत में लगे कुंडे में रस्सी से फांसी लगा ली। करीब दो माह पहले जीवन लाल की पत्नी मीरा ने भी इसी कमरे में आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। हालांकि कोतवाल संजय त्यागी का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन वह मामले को दिखवा रहे हैं।