मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव उमरपुर में 20 वर्षीय युवक बबलू की लाश उसके घर के कमरे में लटकती मिली। मृतक के पिता ने अपने भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मृतक के पिता जकाउल्ला का कहना है कि वह शनिवार को अपने ट्रैक्टर से खेत जोतने एक दूसरे गांव मगरेना गया था और उसकी पत्नी जाहिरा कंडे पाथने चली गई। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले उसके भाई और दो अन्य लोगों ने मिलकर उसके पुत्र को मारा पीटा और जब उसकी मौत हो गई तो उसे घर के कमरे के कुंडे में रस्सी से लटका दिया। इसी दौरान करीब 12 बजे उसकी पत्नी घर आई तो इन लोगों को घर से भागते देखा। जब वह घर के अंदर गई तो कमरे का कुंडा बाहर से बंद था। जैसे ही उसने कमरा खोला तो बेटे की लाश कमरे में लटकती मिली। उसने अपने पति जकाउल्ला को फोन पर सूचना दी। जकाउल्ला ने मौके पर पहुंचकर बेटे की लाश कुंडे से उतारी और पुलिस को सूचना दी।
जकाउल्ला ने पुलिस को तहरीर देते हुए तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका यह भी कहना है कि उसके पड़ोस में रह रहे भाई से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। इस बावत प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह का कहना है कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर वादी की तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।