जंगबहादुरगंज। पसगवां कोतवाली क्षेत्र के डीएससीएल ग्रुप की अजबापुर मिल में गन्ना तुलवाने गए किसान पुत्र की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या किए जाने के पिता के आरोप पर मुहर लगा दी है। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि ब्रेन हैमरेज को मौत का कारण बताया गया है। परिवार वालों ने पहले ही शरीर पर मिले चोट के निशान देखकर हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में सीधे-सीधे हत्या किए जाने की बात कहने से बच रही है, लेकिन एसओ ने परिवार वालों की तहरीर के मुताबिक कार्रवाई करने की बात कही है।
ग्राम जमिरहा निवासी फूलचंद का पुत्र अरुण कुमार(15) 13 दिसंबर (मंगलवार) की शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना तुलवाने अजबापुर मिल गया था। उसके साथ ट्रैक्टर चालक रजनीश भी था, जिसके मुताबिक अरुण करीब 11 बजे रात को गन्ना तुलवाने के लिए टोकन लेने गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद बुधवार की सुबह चार बजे रजनीश ने अरुण के लापता होने की सूचना उसके पिता फूलचंद को दी थी। फूलचंद ने बताया था कि जब वह चीनी मिल पहुंचा, तो उसका पुत्र ट्रॉली यार्ड में मृत पड़ा था। उसकी जेब से टोकन मिला था। वह अपने पुत्र के शव को बाइक से अपने घर लाया था। पिता का कहना है कि अरुण के सीने और गर्दन पर खरोंच के निशान थे, जिसकी जानकारी उसने पुलिस को दी थी।
कोतवाली प्रभारी अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरुण के शरीर पर चोटें और ब्रेन हेमरेज से मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।