धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के रमियाबेहड़ स्थित मौर्या फिलिंग स्टेशन के टैंक में पाइप डालकर चोरों ने 3458 लीटर पेट्रोल चोरी कर लिया है। चोरी की वारदात की भनक चौकीदार को भी नहीं लगी। सुबह घटना की जानकारी होने पर पंप मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। ग्राम नैनापुर निवासी पंप मालिक एवं प्रधान छत्रपाल मौर्य ने बताया कि रमियाबेहड़ स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार की रात चोरों ने जमीन के अंदर रखे पेट्रोल टैंक में पाइप लाइन डालकर 3458 लीटर पेट्रोल चोरी कर लिया है। हाईटेक तरीके से चोरों ने लंबी पाइप लाइन को करीब 100 मीटर दूर एक खेत में ले गए, जहां इनवर्टर, टुल्लू पंप की सहायता से पेट्रोल चोरी कर लिया। कयास लगाए जा रहे हैं कि इतनी मात्रा में पेट्रोल ले जाने के लिए ड्रम और ट्रैक्टर ट्राली का इस्तेमाल हुआ होगा। पंप मालिक के मुताबिक जिस समय चोरों ने घटना को अंजाम दिया, उस समय पंप पर चौकीदार पाचू, रसोइया समझावन निवासी नैनापुर के अलावा एक सेल्समैन सुनील निवासी मोहनलालपुरवा थाना निघासन मौजूद थे। यह सभी घटना के वक्त एक कमरे में सो रहे थे।