पलियाकलां। इलाके के कुंवरपुरकलां निवासी एक ग्रामीण ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे दबकर ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह मृतक के शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
शुक्रवार को दुबहा कुंवरपुरकलां निवासी सोहन लाल का 25 वर्षीय पुत्र गुरमीत अपने ट्रैक्टर से खेत में जुताई करने गया था। इस दौरान उसका ट्रैक्टर जुताई करते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटने से गुरमीत उसके नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। कुछ ही समय हादसे की सूचना गांव में फैल गई जिसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसी तरह ग्रामीणों ने मृतक के शव को बाहर निकाला और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।