महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार को खीरी थाना पुलिस ने सात मई को लापता हुए शाहजहांपुर के 21 वर्षीय शिवम ब्रजवासी का शव सातवें दिन फूलबेहड़ के गौरा गांव में कब्र से बरामद किया है। आरोपियों ने युवक की हत्या के बाद शव छुपाने की नियत से यहां दफना दिया था।
खीरी थाना के प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि सात मई की रात शाहजहांपुर जिले के थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव मिरगापुर निवासी राजेश अपने पुत्र 21 वर्षीय शिवम और पुत्रवधू मधु के साथ खीरी थाना क्षेत्र के गांव किरतापुर में नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत करने आए थे। उसी रात को अचानक शिवम गांव से लापता हो गया। दूसरे दिन भी पता न लगने पर युवक की पत्नी मधु ने खीरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वही शिवम के पिता राजेश ने बेटे की हत्या कर शव गायब करने की आशंका पुलिस से जताई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस हरकत में आई और पूछताछ के लिए एक नर्तकी और फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछने पर कत्ल का राजफास हो गया। आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार को पुलिस ने फूलबेहड़ के गौरा गांव के दक्षिण एक खेत में शव गड़ा हुआ बरामद किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिसके साथ ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
- चंद्रकांत सिंह, प्रभारी निरीक्षक, खीरी थाना