गोला गोकर्णनाथ। नगर की खुटार रोड पर सोमवार की रात रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, आरोप है कि विपक्षी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी का चालान भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला तीर्थ निवासी नितिन गुप्ता ने बताया कि विपक्षियों से उसका व्यावसायिक रुपयों का लेनदेन है। सोमवार की रात आठ बजे मोहल्ला कुम्हारन टोला निवासी रविप्रकाश गुप्ता, बालकराम गुप्ता, विनय गुप्ता अपने साथी नितिन जौहरी के साथ खुटार रोड स्थित उसकी दुकान पर आए और विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर रविप्रकाश गुप्ता ने लाइसेंसी राइफल से फायर कर दिया जिसमें नितिन के पिता रामनरेश गुप्ता बाल बाल बच गए। नितिन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या के प्रयास की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी रविप्रकाश को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया वहीं अन्य तीन आरोपी फरार बताए गए हैं।