लखीमपुर खीरी। गोला रोड स्थित सुमित्रा मोटर्स मारुति सुजूकी में सोमवार की तड़के गार्ड को गोली मारकर हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने सोमवार की कई स्थानों पर छापामारी की। पुलिस ने इस दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए संदिग्धों से अहम सुराग मिले हैं, जिससे पुलिस खुलासे के नजदीक पहुंच गई है।
सोमवार की तड़के कार सवार बदमाशों ने पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित सुमित्रा मोटर्स मारुति सुजूकी शो रूम पर धावा बोल दिया था। इस दौरान (सुरक्षा गार्ड) रामनरेश को गोली मार दी थी, जिससे वह घायल हो गया था। विजय सिंह और रजनीश सिंह के सिर पर तमंचों से प्रहार कर घायल कर दिया था। पुलिस ने शो रूम मैनेजर अमित अग्रवाल की ओर से रिपोर्ट दर्ज रने के बाद पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को दबोचा है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों की माने तो पूछताछ में पुलिस के हाथ कुछ क्लू लगे हैं, जिन पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
कुछ संदिग्धों को उठाया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। कुछ क्लू मिले हैं। शीघ्र ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अशोक कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर