रंगदारी न देने पर शिक्षक को दी धमकी
लखीमपुर खीरी। सीतापुर शहर की आर्यनगर कॉलोनी निवासी शिखर खेतान ने बताया कि वह एलआरपी चौराहा के निकट स्थित अजमानी इंटर नेशनल स्कूल में शिक्षक हैं। सीतापुर से प्रतिदिन आते-जाते हैं। दो दिनों से कोई अनजान शख्स उनके मोबाइल पर कॉल करता है और पैसा की मांग करता है। पैसा न देने पर हत्या कर देने की धमकी भी दे रहा है। बृहस्पतिवार को भी आरोपी ने कॉल की और कहा कि अगर पैसा नहीं दिया तो 12 बजे से लेकर 1 बजे तक अनहोनी हो जाएगी। इसके बाद एक मैसेज भी कर उसे धमकी दी। इससे वह और उनका परिवार दहशत में है। इस संबंध में शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडये ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।