पत्नी की मौत से आहत युवक ने फंदा लगाकर जान दी
दो महीने पहले प्रसव के दौरान हुई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बेलरायां। पत्नी की मौत से आहत थाना सिंगाही के गांव हरद्वाही निवासी 25 वर्षीय राजकुमार ने बुधवार की शाम घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव हरद्वाही निवासी बड़कन्नी देवी ने बताया कि करीब दो महीने पहले पुत्र राजकुमार की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था, इस दौरान पत्नी की मौत हो गई थी, बच्चा ठीक था। पत्नी की मौत के बाद से ही राजकुमार गुमसुम रहने लगा। लोगों के समझाने पर राजकुमार देहरादून मजदूरी करने चला गया। बुधवार की शाम घर वापस आया और कमरे में पत्नी की तस्वीर को देखकर फफक कर रोने लगा। काफी समझाने के बाद चुप हो गया। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। अंदर से दरवाजे की कुंडी बंद कर रस्सी का फंदा गले में डालकर जान दे दी। आहट होने पर उन्होंने कई आवाजें लगाईं, लेकिन राजकुमार ने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर वह जब मौके पर पहुंची तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। चीखपुकार पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो शव लटकता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।