लखीमपुर खीरी।
कोतवाली तिकुनियां के गांव मझरा पूरब निवासी भाजपा नेता बलराम किशोर श्रीवास्तव की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी शुक्रवार को एसपी से मिलीं और पति की हत्या जमीन को लेकर उपजी रंजिश में होने की बात कही। उन्होंने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर भी एसपी को दी है।
बतादें कि 21 अक्तूबर की देर शाम भाजपा के बूथ अध्यक्ष बलराम किशोर श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के पुत्र राघवेंद्र की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है, लेकिन शुक्रवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया।
मृतक की पत्नी कंचनलता श्रीवास्तव परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचीं। उन्होंने एसपी को बताया कि कुछ दिन पहले जमीन के बावत दुश्मनी मानते हुए गांव के ही एक व्यक्ति ने पति को जान से मार देने की धमकी दी थी। यह बात पति ने उन्हें बताई थी। साथ ही पति ने यह भी कहा था कि किसी से कहना मत। आरोपी शातिर प्रवृत्ति का है। कोई भी घटना कर सकता है। पुत्र को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इस डर के कारण उसने घटना के बावत किसी को कुछ नहीं बताया।
उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी उन्होंने कोतवाली तिकुनियां पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उसे विश्वास है कि नामजद आरोपी ने ही अपने साथियों से मिलकर उसके पति की हत्या करवाई है। पीड़िता ने आरोपी को नामजद करते हुए एसपी को तहरीर दी और अज्ञात में दर्ज किया गया मुकदमा नामजद कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने इंस्पेक्टर तिकुनियां को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।