तिकुनियां खीरी (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पंचायत सूरतनगर के मजरा गांव इंदरनगर निवासी दलवीर सिंह की हत्या उसके भाई जागीर सिंह ने ही जमीनी रंजिश में की थी। पुरानी चल रही रंजिश का बदला लेने के लिए गांव के प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 8 जून को गांव इंदरनगर निवासी 55 वर्षीय दलवीर सिंह की हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई जागीर सिंह की तहरीर पर ग्राम प्रधान प्रकट सिंह उर्फ डंपी, निशान सिंह, रवि, गुरुलाल और परमजीत सिंह पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी, लेकिन शुरुआती दौर से ही नामजदगी संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने जब गहराई से विवेचना की तो मृतक का भाई ही कातिल निकला। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी भाई को रेलवे क्रासिंग तिकुनियां से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद घटना में जमीनी रंजिश खुलकर सामने आई है। आरोपी जागीर सिंह अपने मृतक भाई दलवीर सिंह की जमीन हथियाना चाहता था और ग्राम प्रधान से पूर्व रंजिश का बदला लेना चाहता था। इसी के चलते उसने नशे की हालत में डंडे से प्रहार कर भाई की हत्या कर दी और डंडे को नदी में फेंक दिया था। पुलिस की जांच में पांचों आरोपी निर्दोष पाए गए हैं।
000000000000000000