बेलरायां खीरी(लखीमपुर खीरी)। थाना सिंगाही के गांव हरद्वाही निवासी विशंभर दयाल वर्मा के घर खिड़की में लगी लोहे की रॉड उखाड़कर बुधवार की रात चोर कमरे में घुस गए। चोर बिटिया की शादी के लिए रखे दो लाख रुपये की नकदी और जेवर समेत करीब तीन लाख का सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तहरीर मिलने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
ग्राम हरद्वाही निवासी विशंभर दयाल वर्मा ने बताया कि उसकी पान की दुकान कुशाही बाजार में है। वह बुधवार की रात घर के बाहर पशुशाला के पास लेटे हुए थे। बाकी अन्य परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। रात में चोरों ने पिछवाड़े कमरे की खिड़की की रॉड उखाड़ कर अंदर घुस गए। चोरों ने बक्से का ताला तोड़ दो लाख की नकदी, दो जोड़ी सोने की झुमकी तथा आठ जोड़ी चांदी की पायल समेत करीब तीन लाख का सामान बटोर ले गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब वह लोग सोकर उठे। चोरी होने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित विशंभर दयाल ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी मार्च में है। उन्होंने बेटी की शादी के लिए दो लाख रुपये जोड़-जोड़ कर रखे थे। इसके अलावा कुछ जेवर भी खरीदकर रखा गया था। सब कुछ चोरी हो गया। अब वह अपनी बिटिया के हाथ पीले कैसे करेगा। इसकी चिंता उसे सताए जा रही है। घटना के बाद से घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ रामकुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। जांच के बात रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
00000000000000000