पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क की रेंज सरौता बीट के जंगल में आग लगाने के मामले में वन विभाग की टीम ने एक युवक को पकड़कर जेल भेज दिया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व पार्क के डीडी महावीर कौजलगि ने बताया कि सरौता बीट की कक्ष संख्या चार में आयुध सहित अवैध रूप से घुसकर जंगल में आग लगाने का प्रयास कर रहे एक युवक को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपना नाम कृष्ण कुमार पुत्र शिवमंगल निवासी गिरधरपुर थाना सिंगाही बताया है। डीडी ने बताया कि कृष्ण कुमार के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।