लखीमपुर खीरी/सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव भूलनपुर निवासी शौकत की पत्नी 30 वर्षीय माहिरा की रविवार की शाम अचानक तबियत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना खीरी के गांव निजामपुर रामदास निवासी शकील ने बताया कि उसकी बहन का निकाह छह महीने पहले थाना नीमगांव क्षेत्र की पुलिस चौकी बेहजम के गांव भूलनपुर निवासी शौकत के साथ हुआ था। निकाह के बाद से पति व ससुराल के अन्य लोग फ्रिज और टीवी की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। रविवार को उसकी बहन की पिटाई की और उसे जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बहनोई ने सोमवार की सुबह बहन की मौत होने की जानकारी दी। सूचना पर जब वह जिला अस्पताल पहुंचा तो बहन का शव मोर्चरी में रखा हुआ था। इधर अस्पताल प्रशासन की सूचना पर नायब तहसीलदार सदर ने पंचायतनामा भरवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है, न ही कोई जानकारी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
00000000000000000000000