लखीमपुर खीरी/ तिकुनिया खीरी।
कस्बे के प्रतिष्ठित व्यापारी के घर के बाहर रखा जनरेटर चोरों ने बृहस्पतिवार की देर रात बाइक पर रखकर ले जाने का प्रयास किया, इसी बीच जनरेटर नीचे गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कस्बे के प्रतिष्ठित व्यापारी रोहताश अग्रवाल के पुत्र श्याम अग्रवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम करीब 9.30 बजे परिवार के सदस्य दूसरी मंजिल पर सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच घर के बाहर किसी वजनदार वस्तु के गिरने की आवाज आई। उन्होंने बताया कि पिता रोहताश अग्रवाल जब नीचे आए तो देखा कि उनके घर के बाहर लगा जनरेटर रोड पर पड़ा है। उन्होंने तुरंत घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा, जिसमें तीन युवक बाइक लेकर आए मिनी जनरेटर को उठाकर बाइक पर लादने का प्रयास करते साफ दिख रहे थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि वजन ज्यादा होने की वजह से जनरेटर डिस बैलेंस होकर बाइक से गिर गया। इस पर चोर भाग निकले।
एसआई अनिल कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।