लाखों का जुआ पकड़ा, 11 गिरफ्तार
96 हजार रुपये और मोबाइल, बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात एलआरपी पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव पिपरिया के एक घर पर छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस ने 11 जुआरिओं को दबोच लिया, जबकि कई जुआरी मौके से भाग निकले। पुलिस ने 96 हजार रुपये, 11 मोबाइल और तीन बाइक मौके से बरामद की हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी रामलाल वर्मा ने बताया कि शनिवार की रात मुखबिर ने सूचना दी कि गांव पिपरिया निवासी राकेश कुमार वर्मा के घर पर कई दिनों से बड़े पैमाने पर जुआ हो रहा है। सूचना पर सीओ सिटी आरके वर्मा के नेतृत्व में शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने फोर्स के साथ राकेश वर्मा के घर पर छापा मारा। इससे वहां हड़कंप मच गया। कई जुआरी पुलिस के पहुंचते ही इधर-उधर कूदकर भाग निकले। पुलिस ने घर में जुआ खिलवा रहे गृहस्वामी राकेश कुमार वर्मा के अलावा मोहल्ला राजगढ़ निवासी हिमांशु श्रीवास्तव उर्फ हेमू, राजन, पिपरिया निवासी सुंदरलाल, राकेश, संजय कश्यप, नवीन सिंह, अनुज वर्मा, शिवम वर्मा, कृष्णकुमार वर्मा और पंजाबी कॉलोनी निवासी शैलेंद्र को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फड़ से 92 हजार रुपये और तलाशी में चार हजार रुपये, 12 मोबाइल और तीन बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेजा है।