थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में दो बच्चियों से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। दोनों ही मामलों में घरवालों ने पुलिस को तहरीर दे दी है। वहीं एक मामले में यूपी 100 पुलिस के आने के बाद कार्रवाई न होने पर कई ग्रामीण थाने पहुंचे। यहां पर उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मंगलवार की शाम को थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में बच्चियों से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पहले मामले में आठ वर्षीय बच्ची जब बकरी चराने के लिए खेत पर गई थी तो वहीं पर मौजूद एक युवक ने उसे चाकू दिखाकर दुष्कर्म की कोशिश की। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे, जिसके बाद आरोपी बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। वहीं दूसरे मामले में शौच कर घर लौट रही एक छह वर्षीय बच्ची को उठाकर एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। यहां भी लोगों के पहुंचने पर आरोपी युवक बच्ची को छोड़कर भाग गया। उधर, एक मामले में समाज सेविका सविता तिवारी पीड़ित बच्ची के घरवालों के साथ थाने पहुंचीं और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। उधर, एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि एक मामले की जानकारी उनको हुई है, जिसमें आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा, जबकि दूसरे मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं।