लखीमपुर खीरी/महेवागंज/सुंदरवल।
थाना फूलबेहड़ के घोसियाना गांव में तीन दिन पहले भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट से नाराज कुछ लोगों ने मंगलवार को एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से डॉक्टर ने लखनऊ रेफर किया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक घोसियाना निवासी सलीम(32) पुत्र मुनीर मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे खेतों की ओर जा रहा था। इस बीच पहले से ही घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने सलीम पर गोली चला दी। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर गिर पड़ा। युवक को मृत समझकर हमलावर मौके से फरार हो गए। इधर गोली चलने की आवाज पर ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े तो देखा सलीम खून से लथपथ पड़ा तड़प रहा था। सूचना पर पहुंचे परिवारवालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और सलीम को लेकर आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर हालत में कोई सुधार न होने पर डॉक्टर ने सलीम को लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवार वालों ने पुलिस को गांव घोसियाना पयाग निवासी चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर केएन पांडेय ने बताया कि तीन दिन पहले दो पक्षों में भूमि विवाद में मारपीट हुई थी। प्रथम द्रष्टया इसी रंजिश में युवक पर हमले की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।