ककरहा मार्ग पर सोमवार की शाम बाइक लूटकर भाग रहे एक बदमाश को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी साथ लाई गई अपनी एक बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश की पिटाई कर मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस को सौंप दिया।
गांव लालनगंज निवासी सतीश पाल अपने साले थाना पिहानी के गांव खटेली निवासी श्यामपाल की बाइक से पड़ोस के गांव तिलकपुर किसी काम से जा रहे थे। बाइक श्यामपाल चला रहा था। शाम करीब 5:30 बजे दोनों लोग तिलकपुर मोड़ पर पहुंचे, जहां पहले से ही मौजूद बदमाशों ने हाथ देकर उनकी बाइक रोक ली। मारपीट कर शस्त्रों के बल उनकी बाइक लूटकर दो बदमाश भागने लगे। इसी बीच सतीश पाल और श्यामपाल ने शोर शराबा किया तो आसपास के ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। इस पर अन्य बदमाश साथ लाई गई अपनी बाइक छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भाग गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बाइक सहित भाग रहे एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उस पर सवार उसका दूसरा साथी भी भागने में सफल रहा। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश की पहले जमकर पिटाई की। बाद में मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।