सशस्त्र बदमाशों ने दिन दहाड़े दो युवकों से 13 हजार लूटे
फरधान क्षेत्र में बेहजम रोड पर हुई वारदात, मोबाइल लूटा
अमर उजाला ब्यूरो
फरधान। थाना क्षेत्र में लखनापुर गांव के पास बकरा खरीदने बाइक से निकले खीरी के दो युवकों को दो बाइक सवार बदमाशों ने रोककर 13 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले।
कस्बा खीरी के मोहल्ला सैय्यदवाड़ा निवासी महताब बकरकसाब है, जो बुधवार की सुबह बाइक से चचेरे भाई शाहिद के साथ क्षेत्र में बकरा खरीदने निकला था। सौदा तय न होने पर लौटते समय लखनापुर और अल्लीपुर गांव के बीच बने बालाजी मंदिर के पास बाइक से आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। धारदार हथियार गर्दन पर रखकर बदमाशों ने 12600 रुपये और मोबाइल लूटकर अल्लीपुर की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए। कांबिंग के बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
वर्जन --------
बदमाशों ने गन्ना काटने वाला औजार दिखाकर वारदात को अंजाम दिया गया है। मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में कांबिग कराई लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। तहरीर मिलते ही मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- दिनेश चंद्र मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक, थाना फरधान