कोतवाली क्षेत्र के कलुवापुर गांव में खेत पर उरद काटने गए किशोर का शव बुधवार को खेत में लगे नीम की डाल पर प्लास्टिक की रस्सी से लटकता मिला। मृतक के नाक-कान से खून बह रहा था। पिता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर रंजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, लेकिन तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों को बचाने की बात कहते हुए सिसैया-लखीमपुर हाईवे पर जाम लगा दिया।
कलुवापुर निवासी पैकरमा वर्मा का 15 वर्षीय पुत्र मुकेश वर्मा घर से बुधवार को सुबह दस बजे खेत में उरद काटने निकला था। वह दोपहर एक बजे तक घर नहीं लौटा तो पिता पैकरमा उसे देखने खेत पर गए। वहां मुकेश का शव खेत में लगे नीम के पेड़ की डाल के सहारे प्लास्टिक की रस्सी से लटकता मिला। मृतक के नाक और कान से खून निकल रहा था, जिसे देख पैकरमा के होश उड़ गए। गांव वालों के साथ कोतवाली पहुंचे मृतक के पिता ने गांव के ही रईस और उसके साथियों के खिलाफ रंजिशन बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पैकरमा वर्मा का आरोप है कि कोतवाली में उसकी तहरीर बदल दी गई और पुलिस ने आरोपियों को बचाने का प्रयास किया। इससे ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए और सिसैया-लखीमपुर हाईवे पर जाम लगा दिया।
आधे घंटे बाद साढे़ तीन बजे पहुंचे एसओ धौरहरा बृजेश त्रिपाठी ने रिपोर्ट लिखे जाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। तब जाकर लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पीड़ित पिता ने रंजिश का आरोप लगाया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
दो माह पहले आरोपी और मृतक में हुई थी मारपीट
मृतक के पिता पैकरमा वर्मा ने बताया दो माह पहले गांव के ही रईस ने बच्चों के विवाद में मुकेश को पीटा था। इसके बाद पैकरमा और रईस में मारपीट हो गई थी, तब पुलिस ने शांति भंग की आशंका में दोनों का चालान कर दिया था। आरोप है कि इसी रंजिश में रईस ने साथियों से मिलकर मुकेश की हत्या कर दी।
आखिर क्यों रिपोर्ट लिखने से कतराई पुलिस
धौरहरा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करके खुद पर सवालिया निशान खड़े कर लिए हैं। इससे पहले भी रामनगर लहबड़ी में नाले में डूबे युवक राकेश की बात हो या देवीपुरवा की सुधा और उसके बेटे विकास का मामला हो, इन मामलों में भी पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही थी। हालांकि राकेश के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। सवाल उठता है आखिर वादी को न्याय देने की मंशा पर पुलिस देरी क्यों लगाती है, जबकि मुकदमा लिखने के बाद जांच में तथ्यों के आधार पर कई विकल्प पुलिस के पास होते हैं।
घास काटने गया किशोर पेड़ से लटकता मिला
रजागंज।
घर से घास काटने गया एक किशोर का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटकता पाया गया। उसके कपड़े गायब होने पर परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम एटा निवासी दीपक कुमार उर्फ कल्लू (16) सुबह घर से हंसिया लेकर घास काटने खेतों की तरफ गया था। दोपहर तक न लौटने पर घरवालों को चिंता हुई। तब उसे तलाशना शुरू किया गया। तभी खेतों की और गए ग्रामीणों ने उसे पेड़ की शाखा से लटकते हुए देखा। मृतक की मां शांति देवी ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची फरधान पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
मां का दुलारा था दीपक
दीपक का बड़ा भाई राहुल गोरखपुर में काम करता है, जबकि दीपक घर में मां का हाथ बंटाया करता था। उसके पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। दीपक ही अपनी मां का साथ दिया करता था।