महिला से रेप का प्रयास, रिपोर्ट दर्ज
खीरी टाउन। मायके से ससुराल जा रही एक थाना खीरी क्षेत्र की एक विवाहिता को दो युवकों ने रास्ते में पकड़ लिया और उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गए। जहां रेप की कोशिश की। शोरशराबा होने पर जब खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
थाना क्षेत्र की एक 30 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि वह रविवार की शाम अपने मायके से पैदल ससुराल जा रही थी। रास्ते में एक खेत के पास गांव का ही गुड्डू अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिल गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे पकड़ लिया और गन्ने के खेत में खींच ले गए। छेड़छाड़ कर रेप की कोशिश करने लगे। उसके शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम करने वाले लोग जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। एसओ खीरी आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर पर गुड्डू को नामजद कर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुराचार के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।