कोतवाली धौरहरा के गांव भौवापुर निवासी नवविवाहिता रविवार को संदिग्ध हालत में झुलस गई थी। जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता ने दहेज की खातिर पुत्री को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है।
थाना ईसानगर के गांव दरिगापुर निवासी हीरालाल ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रेखा(25) की शादी डेढ़ साल पहले कोतवाली धौरहरा के गांव भौवापुर निवासी जगमोहन के साथ की थी। शादी के बाद से पति और ससुरालवाले सोने की चेन, बाइक की मांग को लेकर उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे। पुत्री ने कई बार इसकी शिकायत की, जिस पर पति व ससुराल के अन्य लोगों को समझाया गया, लेकिन वह लोग नहीं माने। आरोप है कि रविवार को ससुरालवालों ने उसकी पुत्री पर मिट्टी का तेल डाल दिया और आग लगा दी। पड़ोसियों की सूचना पर जब मायकेवाले पहुंचे तो ससुराल के लोग मौके से फरार हो गए। वह लोग पुत्री को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पुत्री ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।