अमर उजाला ब्यूरो
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के सूखाताल निवासी एक युवक कोे जालसाजों ने अपना शिकार बनाया। मोबाइल पर फोन करके खुद को बंक मैनेजर बताकर एटीएम का कोड पूछ लिया और इसके बाद उसके खाते से सात हजार रुपये पार कर दिए।
कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में चंद्र किशोर ने बताया कि उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक बिधूना में है। जिसमें 7123 रूपये जमा थे। सात अक्तूबर को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई और एक युवक ने खुद को बैंक मैनेजर बताकर कहा कि आधार कार्ड जमा न करने से तुम्हारा एटीएम लॉक हो गया है। इसलिए अगर एटीएम चालू करवाना है तो एटीएम नंबर व कोड बताओ। जिस पर वह उसने एटीएम नंबर व कोड बता दिया। इसके बाद रात में उसके पास मोबाइल पर मैसेज आया जिसमें 6999 रुपये निकलने का मैसेज था। इस पर वह आज सोमवार को बैंक गया और पूरी जानकारी की। जहां उसे पता चला कि ऑनलाइन उसके खाते से रुपये निकाले गए हैं। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी गुरुचरन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच आईटी सेल को दी जाएगी।