सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र में दो दिन पहले अपनी मां के साथ ननिहाल आई छह साल की बच्ची को एक युवक आम तोड़कर देने के बहाने बाग की झाड़ियों में ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पॉक्सो एक्ट की भी लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी छह साल की पुत्री को लेकर बुधवार को इसी थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने मायके गई थी। बृहस्पतिवार को पुत्री पड़ोस की एक बच्ची के साथ शाम करीब चार बजे गांव के बाहर बाग में आम बीनने गई थी। बाग में गांव का ही एक 30 वर्षीय युवक मिल गया। आरोप है कि युवक ने कच्चे आम पेड़ से तोड़ कर देने का लालच देकर उसकी पुत्री को झाड़ियों में ले जाकर छेड़छाड़ की। पुत्री ने जब घर जाकर शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसे धमकाया और पीटा। 20 रुपये भी देने की कोशिश की और कहा कि घर में मत बताना। घर पहुंची बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई। इससे घरवालों के होश उड़ गए। पिता ने घटना की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। सूचना पर यूपी 100 पुलिस और थाना नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पॉक्सो एक्ट भी लगाया है। पीड़ित बच्ची को मेड़िकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पान सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना नीमगांव