कल की पीडीएप लगेगी...
इम्पैक्ट....
बख्शे नहीं जाएंगे अवैध शराब
कारोबार में शामिल माफिया
नेटवर्क का होगा खुलासा, गैंगस्टर लगाने की तैयारी
- एसपी ने सदर कोतवाल और चौकी इंचार्ज को बुलाकर लगाई फटकार
- रंगीला नगर में पकड़े गए नकली शराब के गोदाम का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
शहर में हाल ही में नकली देशी-विदेशी शराब के कारखानों और रंगीला नगर में अवैध नकली विदेशी शराब के पकड़े गए गोदाम के मामले को लेकर एसपी डॉ. एस चन्नप्पा सोमवार को काफी सख्त दिखे। सोमवार को एसपी ने सदर कोतवाल और चौकी इंचार्ज रामापुर को अपने कार्यालय पर तलब किया और फटकार लगाते हुए लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उधर, एसपी ने कहा कि लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई होगी।
31 जनवरी को रंगीला नगर में नकली विदेशी शराब के पकड़े गए गोदाम से पुलिस और आबकारी विभाग में खलबली मच गई थी। पुलिस ने अब तक के इस बडे़ मामले में सामने आए अवैध कारोबार में शामिल कई बड़े माफिया को बचाने का तानाबाना बुन डाला था।
पूर्व में शहर के ईदगाह, सैधरी आदि स्थानों पर पकड़ेे गए नकली रैपर, होलोग्राम, कॉग आदि मामले में भी पुलिस ने गैंग में शामिल मुख्य लोगों को अभयदान दे दिया था। इससे हर बार माफिया खादी और खाकी का संरक्षण लेकर बच निकले थे, लेकिन एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।
एसपी ने शनिवार को सदर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय और रामापुर चौकी इंचार्ज को अपने दफ्तर पर तलब किया। उन्होंने रंगीला नगर मामले में अब तक पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की प्रगति जानी। उन्होंने दोनों को फटकार लगाई। मामले की विधिवत जांच कर अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और गैंगस्टर लगाने के निर्देश दिए।
एसपी ने बताया कि रंगीला नगर में पकड़े गए नकली विदेशी शराब के गोदाम मामले में हरेक पहलुओं पर बारीकी से जांच कराई जा रही है। इसके अलावा अब तक सामने आए मामलों में जो लोग शराब के अवैध कारोबार में शामिल हैं, उन्हें भी चिह्नित कराया जा रहा है। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पूर्व में पकड़े गए और रंगीला नगर मामले के आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। एसपी के तेवर सख्त देख घोलमाल में शामिल पुलिस वालों के चेहरों पर हवाइयां उड़ने लगी हैं।
संपत्ति जब्तीकरण की भी होगी कार्रवाई
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि नकली शराब बनाने और बिक्री होने के धंधे में जो लोग शामिल होंगे उनकी भी संपत्ति की जांच कराई जाएगी। अवैध रूप से कमाए गए धन से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
पहले छोड़ा, एसपी की फटकार
पर फिर उठा लाई पुलिस
लखीमपुर खीरी।
रंगीला नगर मामले में पुलिस ने 31 जनवरी की ही रात रंगीला नगर के एक व्यक्ति को छापा मारकर कोतवाली ले आई थी। अगले दिन उसे शाम को छोड़ दिया था। सोमवार की सुबह एसपी की फटकार के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने उसकी सलेमपुर स्थित सराफ की दुकान पर छापा मारा और उसे उठाकर कोतवाली ले आई है। मामले में नामजद दोनों आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।