लखीमपुर खीरी।
तीन माह पहले शहर के निघासन रोड पर किशोरी का सरेआम हाथ काटने के आरोपी पर शिकंजा कस गया है। डीएम-एसपी की संयुक्त रिपोर्ट पर गृह विभाग ने एनएसए की स्वीकृति दे दी है। इस पर पुलिस ने एनएसए का खीरी जेल में तामीला कराया है।
निघासन हाईवे पर 23 अगस्त की शाम करीब चार बजे मोहल्ला प्रकाश नगर निवासी रोहित चौरसिया ने 14 वर्षीय किशोरी पर तलवारों से कई हमले किए थे। इससे किशोरी का एक हाथ का पंजा कलाई से अलग हो गया था। दूसरे हाथ की कलाई के पास और सिर पर गहरे घाव हुए थे। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटना के दूसरे दिन ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया था। आरोपी वर्तमान समय में जिला कारागार में निरुद्ध है। उधर, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई शुरू कर दी थी।