फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस की लापरवाही, काली मंदिर पर चोरों ने बोला धावा

Sat, 30 Dec 2017 06:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो,लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
Kali Temple
विज्ञापन
सिंगाही खीरी। राजघराने के प्राचीन काली मंदिर में हफ्ते भर पहले हुई चोरी की वारदात को लोग अभी भुला नहीं पाए थे कि शुक्रवार की रात चोरों ने मंदिर पर फिर धावा बोल दिया। चोर इस बार करीब 70 किलोग्राम वजन की अष्टधातु की मां की मूर्ति को गर्भ गृह से बाहर निकालने में कामयाब हो गए, लेकिन इसे मां का चमत्कार कहें या कुछ और चोर सीढ़ी लगाकर मूर्ति को लेकर दीवार लांघ नहीं पाए। शनिवार की सुबह गर्भगृह से करीब 50 मीटर दूर मूर्ति खंडित मिली। माना जा रहा है कि सीढ़ी पर चढ़ते समय चोरों के हाथ से मूर्ति गिर गई और खंडित हो गई। पुलिस ने मंदिर के दो चौकीदारों को हिरासत में लिया है। उधर घटना से गुस्साए लोगों ने बाजार बंद करवा दिया और मुख्य चौराहे पर सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। सीओ के पांच दिन में घटना का खुलासा करने का आश्वासन देने पर लोग शांत हुए औैर जाम खोला।
विज्ञापन

मंदिर परिसर में पूरब की ओर शंकर जी का मंदिर है। इस मंदिर की दीवार फांदकर चोर शुक्रवार की रात मंदिर परिसर में घुस आए। चोरों ने गर्भ गृह के दो गेटों का ताला तोड़ दिया और मंदिर में स्थापित मां की अष्टधातु की सैकड़ों साल पुरानी मां काली की प्रतिमा को उठाकर गर्भगृह से बाहर निकाल लाए। शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे मंदिर के पुजारी इंद्रेश जोशी जब पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो देखा कि मूर्ति गर्भगृह से गायब थी। जब उन्होंने तलाश किया तो खंडित मूर्ति गर्भगृह से करीब 50 मीटर दूर मंदिर परिसर के उत्तर कन्या पाठशाला की ओर मिली। प्रतिमा का कुछ भाग खंडित था और मूर्ति साड़ी में लिपटी हुई थी। पास में ही दीवार के सहारे सीढ़ी लगी हुई थी। मां की मुंड माला, चूड़िया, तलवार और शिव जी का सांप गायब था। माना जा रहा है कि चोर सीढ़ी के सहारे प्रतिमा को साड़ी में बांधकर मंदिर से बाहर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन प्रतिमा ऊंचाई से गिरने पर खंडित हो गई। इस दौरान टूटे हिस्से को लेकर चोर भाग निकले। घटना की जानकारी जब लोगों को हुई तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ सविरत्न गौतम, एसओ अजय कुमार मिश्रा भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल को घेर लिया और लोगों को घटना स्थल तक नहीं जाने दिया गया। दोपहर करीब 12 बजे फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर मौजूद साक्ष्य जुटाए हैं। उधर घटना से कस्बे के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और कई लोग नगर पंचायत अध्यक्ष उत्तम मिश्रा की अगुवाई में बेलरायां-पनवारी मुख्य मार्ग पर स्थित चौराहे पहुंचे, जहां चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ सविरत्न गौतम ने पांच दिन के अंदर घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए और जाम खोला। इससे करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बंद रहा। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह, बबलू गुप्ता, प्रवीण शाह, जय शाह, जय राजा, कृष्ण कुमार, दीपू सक्सेना, राजमहल के मुनिराज समेत कई लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें