लखीमपुर खीरी। स्कूल के अंदर घुसने से मना करने पर एक किशोर ने चिल्ड्रेन एकेडमी सिविल लाइन के शिक्षक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने शिक्षक की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी किशोर की तलाश कर रही है।
मोहल्ला हिदायत नगर निवासी अजीम ने बताया कि वह सिविल लाइन स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी में शिक्षक हैं। शनिवार को वह पढ़ाने के लिए स्कूल गए थे। स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी चल रही थी। शाम करीब 3:50 बजे एक 16 वर्षीय किशोर स्कूल में घुसने लगा। वह स्कूल का छात्र नहीं था, इसलिए उन्होंने उसे भीतर घुसने से मना किया। इससे नाराज किशोर ने उनके सीने पर चाकू से वार किया, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। शोरशराबा होने पर स्कूल में अफरातफरी मच गई। अन्य शिक्षक भी मौके पर आ गए।
शहर कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है, लेकिन घायल शिक्षक को आरोपी का पता आदि नहीं मालूम है। आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।