बेलरायां (लखीमपुर खीरी)। लखीमपुर शहर में ट्रैफिक सिपाही को बाइक से घसीटने की घटना को अभी 24 घंटे भी नहीं बीत पाए थे कि शुक्रवार को वाहन चेकिंग कर रहे सिंगाही थाना क्षेत्र में बाइक चालक ने एक दरोगा को टक्कर मारकर बाइक समेत भाग निकला। हादसे में दरोगा का पैर टूट गया। घायल दरोगा को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सिंगाही थाना प्रभारी रामकुमार यादव ने बताया की तिकुनियां मोड़ स्थित क्लेशहरण मंदिर तिराहे पर सिंगाही थाने के एसआई वीर सिंह साथी सिपाहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सिंगाही की तरफ जा रहे बाइक पर सवार दो लोगों को सिपाहियों ने रुकने का इशारा किया। इस पर बाइक चला रहे युवक ने स्पीड बढ़ा दी। चालक ने पहले सिपाहियों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की सिपाही तो बच गए, लेकिन बाइक एसआई वीर सिंह के पैर पर चढ़ गई, जिससे उनका पैर टूट गया। दरोगा और सिपाही जब तक कुछ समझ पाते इतने में बाइक पर सवार दो युवक बाइक समेत भाग निकले। एसओ रामकुमार वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की तलाश की, लेकिन कोई अतापता नहीं चला। घायल दरोगा को निघासन सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
--------------