पीड़ित ने सिंगाही पुलिस को दी तहरीर
25 लाख की लॉटरी निकलने का लालच देकर एक जालसाज ने थाना सिंगाही के गांव मोतीपुर निवासी एक युवक से 11 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच करने की बात कह पीड़ित को थाने से चलता कर दिया।
गांव मोतीपुर निवासी अमरदास ने बताया कि हफ्ते भर पहले उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वोडाफोन की ओर से आप का मोबाइल नंबर ईनामी योजना में सेलेक्ट हुआ है, जिस पर 25 लाख रुपये की लॉटरी निकली है। उसने टैक्स के रूप में 11 हजार रुपये स्टेट बैंक खाते में जमा कराने की बात कहकर उसका खाता नंबर पूछ लिया। झांसे में आकर उसने कॉलकर्ता द्वारा बताए गए बैंक खाता नंबर पर तीन बार में 11 हजार रुपये निघासन स्टेट बैंक की शाखा में जमा कर दिए। बाद में कॉलकर्ता ने उसे फिर कॉल की और कहा कि अगले दिन उसके खाते में 25 लाख रूपये आ जाएंगे। दूसरा दिन बीत जाने के बाद जब रुपये नहीं आए तब उसने जालसाज के मोबाइल नंबर पर कॉल कर बात की तो उसने बताया कि खाते में बैलेंस कम होने के कारण रुपये ट्रांसफर नहीं हो पा रहे हैं। 25 हजार रुपये पहले दिए खाते पर स्टेट बैंक में और जमा कर दो तब तुम्हारे खाते में 25 लाख और 25 हजार रुपये पहुंच जाएंगे और अगर तुमने 25 हजार रुपये जमा न किए तो पैसा नहीं मिल पाएगा। तब उसे ठगे जाने का शक हुआ। पीड़ित ने घटना की तहरीर सिंगाही पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय जांच करने की बात कहते हुए पीड़ित को टरका दिया।