लखीमपुर खीरी। तहसील सदर के एक मुंशी ने बैनामा के कागजातों और जमीन के गाटा संख्या में हेराफेरी कर दी। मामला पकड़े जाने पर नायब तहसीलदार श्रीनगर ने मुंशी समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नायब तहसीलदार डॉ. लाल कृष्ण ने बताया कि थाना फूलबेहड़ के गांव प्रयाग श्रीनगर की भूमि गाटा संख्या 554/0.640 हेक्टेअर में से 16 डिस्मिल जमीन का सौदा गांव प्रयाग निवासी तीन सगे भाई ओमकार, रमेश कुमार और दामोदर ने गांव के ही अतीश से किया था। खरीददार ओमप्रकाश आदि ने थाना खीरी के गांव कटिया निवासी तहसील के मुंशी हरीश वर्मा को भूमि के कागजात देकर बैनामा कराने को कहा। मुंशी ने विक्रेता आतीश से साठगांठ कर गाटा संख्या 554 के स्थान पर गाटा संख्या 335 का बैनामा धोखाधड़ी कर ओमप्रकाश आदि के नाम 24 जून 13 को करा दिया। दाखिल खारिज के समय बैनामा के कागजातों में हेराफेरी की। गाटा संख्या 335 के स्थान पर 760 लिख दिया। मामला सामने आने पर नायब तहसीलदार ने आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बैनामा गवाह गांव सेहरुआ निवासी अमर सिंह और गांव रायपुर निवासी विजय कुमार की संलिप्त होने की बात कही है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक सदर शिव प्रसाद पांडेय ने बताया कि नायब तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की शाम मुंशी हरीश वर्मा सहित चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।