घर में साड़ी से लटकी मिली छात्र की लाश
घर में पड़ा था खून, पोस्टमार्टम में आत्महत्या के संकेत
पुलिस ने लिया रक्त का नमूना
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी निवासी युवक का शव सोमवार सुबह उसके घर के बरामदेे में कुंडे से साड़ी के सहारे लटकता मिला। वह बीए फाइनल वर्ष का छात्र था। बरामदे में काफी खून पड़ा होने से शक बढ़ा तो पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। इसमें मौत की वजह हैंगिग आने से आत्महत्या के संकेत मिले हैं।
मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी निवासी रामकुमार ने बताया कि रविवार की रात उनका पुत्र 25 वर्षीय अमन उर्फ मुन्ना निचले सतह के कमरे में अपनी मां सुमन के साथ सो रहा था, जबकि वह और परिवार के अन्य लोग दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। रोज की तरह मेन गेट में ताला पड़ा था और चाबी पास के कुंडे में टंगी थी। सोमवार की तड़के करीब तीन बजे जब वह दोमंजिल से नीचे उतरकर आए तो देखा कि अमन का शव बरामदे के एक कुंडे से लटक रहा था। घर की साड़ी का फंदा उसके गले में कसा था। मेन गेट भी खुला था। शव के पास फर्श पर काफी खून पड़ा हुआ था, जबकि शव पर कोई न तो चोट के निशान थे और न ही कपड़ों पर खून लगा था। शव लटका देखकर उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के भी लोग जाग गए। सूचना पर मिश्राना चौकी पुलिस भी कुछ देर बाद मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल और सड़क पर पड़े खून का नमूना लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत हैंगिंग से होने से कही गई है। मिश्राना चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि घर में पड़ा खून मुंह से और नाक से निकलना प्रतीत हो रहा है। शव पर जाहिरा चोट के निशान नहीं दिखे और न ही कपड़ों खून लगा था। बाहर मिले खून का नमूना लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर ही साफ होगा कि दोनों जगहों पर मिला रक्त एक ही है या नहीं।
0000000
बड़ा सवाल: आखिर कहां से आया खून
मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी निवासी अमन की मौत वैसे तो कई सवाल छोड़ गई है। इस स्थान पर शव लटका हुआ था। वहां पर काफी खून पड़ा हुआ था। शव के पैर के पंजे ही सिर्फ खून से सने थे। इसके अलावा उसके कपड़ों पर भी खून नहीं था। बरामदे से लेकर घर के बाहर लगी इंटरलॉकिंग रोड पर करीब 20 मीटर तक खून की बूंदे पड़ी मिली हैं। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि जब अमन के शरीर पर कोई चोट नहीं हैं और उसके कपड़ों में भी खून नहीं लगा तो आखिर यह बरामदे से लेकर सड़क तक पड़ा खून आखिर कहां से आ गया। अगर मान ले की यह खून अमन के शरीर से निकला तो उसके कपड़े खून से क्यों नहीं भीगे। उसकी नाक और मुंह से हल्का सा ब्लड निकलना तो प्रतीत हो रहा था।