लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के पास पटरी दुकानदारों ने मेन रोड जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि पटरी से खदेड़ने के बाद उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा है। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। पुलिस ने इस दौरान नौ पटरी दुकानदारों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में है।
बतादें कि पखवाड़े भर पहले जिला प्रशासन ने नगरपालिका के साथ शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। अभियान के तहत सड़कों के किनारे रखे खोखों आदि को हटवा दिया था। इससे पटरी दुकानदारों की रोजीरोटी का जरिया खत्म हो गया। रोजी छिनने से पटरी दुकानदारों के परिवार भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। पटरी दुकानदारों ने कई बार प्रशासन को ज्ञापन देकर जगह निर्धारित करने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। इससे नाराज पटरी दुकानदारों ने मेन रोड पर सदर कोतवाली के पास टेंट लगाकर पहले बैठक की। बाद में कोतवाली के सामने रोड जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। इससे मेन रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, इससे जाम लग गया। सूचना पर एसडीएम सदर नागेंद्र सिंह, सीओ सिटी हरीराम वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम और सीओ ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माने तो मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने लाठियां फटकार कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इससे मेन रोड पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने नौ पटरी दुकानदारों को हिरासत में लिया है। साथ ही लगाए गए तंबू-टेंट, लाउडस्पीकर आदि सामान उखाड़कर कब्जे में ले लिया। पुलिस अब प्रदर्शनकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। सीओ सिटी हरीराम वर्मा ने बताया कि जाम लगाकर हंगामा कर रहे लोगों में से पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य लोगों को भी कराई गई वीडियो रिकार्डिंग के जरिए चिन्हित किया जा रहा है। इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
000000000000000000