पलियाकलां। शहर की छोटी पलिया जाने वाली रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र पर सिगरेट पीने से मना करने पर युवकों ने केंद्र के कर्मचारियों संग मारपीट कर दी। बताया गया कि सिगरेट पीने से मना करने पर भड़के आरोपियों ने गुंडई कर्मचारियों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
शुक्रवार की देर शाम को छोटी पलिया जाने वाली रोड पर स्थित नशा मुक्ति केंद्र के कार्यालय पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। यहां तैनात कर्मचारी अरविंद कुमार, आदेश कुमार, सतीश, सोनू आदि ने बताया कि अतरिया गांव निवासी कुछ युवक केंद्र के बाहर सिगरेट पी रहे थे। उन लोगों ने युवकों से ऐसा करने से मना किया, लेकिन इससे वह लोग आग-बबूला हो गए और अपने साथियों के साथ मिलकर केंद्र पर हमला कर दिया और सभी कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
उधर, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी देखे और मामले में मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि कोतवाल प्रमोद मिश्रा यह तक बताने को तैयार नहीं है कि मुकदमा किन आरोपियों के खिलाफ लिखा गया और कितने लोग हिरासत में लिए गए।