बेहजम। चौकी क्षेत्र के कस्बा बेहजम में शनिवार को पढ़ने स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र की रास्ते में एक दुकान के टटरा में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने नीमगांव रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया, इससे रोड जाम हो गई। एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय के आश्वासन पर ग्रामीण माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजन की तहरीर पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बेहजम निवासी जव्वाद खान का 12 वर्षीय पुत्र शादान संविलियन विद्यालय बेहजम में कक्षा छह का छात्र था, जो शनिवार की सुबह आठ बजे अपनी बहन और कुछ अन्य बच्चों के साथ विद्यालय जा रहा था। रास्ते में गली में कीचड़ भरा होने के कारण किनारे लगे टटरे को पकड़कर निकलने की कोशिश की। इसी वक्त टटरे में लगी लोहे की सरिया में करंट आने से छात्र की मौत हो गई। अन्य साथी छात्र डर गए और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन छात्र शादान को लेकर सीएचसी गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार वालों का आरोप है कि परशुराम की आलू आढ़त एवं टेंट हाउस की दुकान है। इसके आसपास रात में बिजली का करंट लगा देते थे। इसी कारण छात्र की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने नीमगांव रोड पर छात्र का शव रखकर प्रदशन करने लगे, जिससे रोड पर जाम लग गया। सूचना पर एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय, कार्यवाहक एसओ नीमगांव केसी तिवारी, एसओ मितौली सुनीत कुमार, चौकी इंचार्ज सुनील बाबू अवस्थी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण व परिजन मान गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कार्यवाहक एसओ केसी तिवारी ने बताया कि आरोपी दुकानदार परशुराम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य मदद दिलाए जाने की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
- विनीत कुमार उपाध्याय, एसडीएम मितौली