निघासन (लखीमपुर खीरी)। सोमवार शाम ढखेरवा के शारदा नहर पुल से प्रेमी युगल ने छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह से युवती को नहर से बाहर निकाल लिया लेकिन युवक गहरे पानी में लापता हो गया। पुलिस ने लड़की को इलाज के लिए सीएचसी भेज दियामें भर्ती कराया है, जहां पर उसकी हालात ठीक बताई जा रही है। जबकि, युवक की गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
धौरहरा कोतवाली के एक गांव निवासी युवक इसी थाने के गांव की एक युवती से करीब दो साल से प्रेम करता था। बताते हैं कि युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई। शादी तय होने के बाद से दोनों तनाव में थे। सोमवार को दोनों बाइक से निकले। शाम करीब चार बजे दोनों बाइक खड़ी कर नहर के पास खड़े हो गए। दोनों को बात करते हुए वहां के दुकानदारों और राहगीरों ने भी देखा। उसके बाद दोनों ने एक दूसरे का हाथ पकड़ा और नहर में छलांग लगा दी। यह देखकर शोर मचाते हुए बचाव के लिए कुछ लोग नहर में कूद गए और लड़की को बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। बताते हैं कि जिस युवक से लड़की की शादी तय हुई थी उसके पास प्रेमी ने दोनों के फोटो भी भेजे थे। इस बात को लेकर युवती और प्रेमी युवक में मारपीट भी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है अब तक उसका सुराग नहीं लग सका है। लड़की की हालत अब ठीक है। संवाद