बग्घून। मैगलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नकारा में पड़ोस के झाले पर मजदूरी करने गए किशोर का शव पेड़ से लटकता मिला। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नकारा निवासी मथुरी गौतम का 16 वर्षीय पुत्र रोशनलाल गांव के ही निकट सरदार जसवंत सिंह के यहां नौकरी करता था। रविवार की देर रात तक जब रोशन घर नहीं आया तो परिवारवालों को चिंता हुई। पिता मथुरी ने झाले पर जाकर पता किया तो उन्हें जानकारी मिली कि रोशन रविवार को मजदूरी करने नहीं आया था। गांव वालों के सहयोग से परिवारवालों ने रात भर रोशन की खोजबीन की, लेकिन कोई पता न चला तो थक हारकर घर चले आए। सोमवार की सुबह लोगों ने गांव के दक्षिण में कमलेश के गेहूं के खेत में खड़े आम के पेड़ से शव लटका हुआ देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। परिवार वालों ने युवक की हत्या की व्यक्त की है।
-
अभी तहरीर नहीं मिली है। परिवारवालों ने किसी से रंजिश से इनकार किया है। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर मुख्यालय भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।
-चंद्रकांत सिंह, एसओ, मैगलगंज