सलीमाबाद-निघासन। क्षेत्र के एक गांव में लड़की की शादी दूसरी जगह तय होने के बाद भी प्रेमी के लगातार उसका पीछा करने से परेशान परिवार वालों ने युवक की पहले तो जमकर पिटाई की और फिर उसी के सामने दूसरे युवक से लड़की का विवाह करवा दिया। वहीं, धमकाने वाले प्रेमी के भाई से ग्रामीणों ने तमंचा छीनकर उसे पुलिस को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने मामले में जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
गांव निवासी एक युवक का गांव की एक दूसरी बिरादरी की लड़की से प्रेम-प्रसंग था। लड़की के परिवार वालों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन दोनों ने किसी की नहीं सुनीं। परेशान होकर लड़की के परिवार वालों ने उसकी शादी दूसरे गांव में तय कर दी। आरोप है कि जब लड़की के परिवार वाले घर से बाहर चले जाते तो युवक उनके घर आकर धमकता। बीते मंगलवार को घर वालों ने लड़के और लड़की को घर के अंदर एक साथ पकड़ लिया। दोनों की पिटाई के बाद हिदायत देकर छोड़ दिया गया। आरोप है कि बुधवार को दिन में युवक फिर लड़की के घर में घुस गया, जिसके बाद परिवार वालों ने उसे एक पेड़ से बांधकर पहले तो जमकर पिटाई की। उसके बाद लड़की की उसे के सामने दूसरे लड़के से शादी कर दी। बताया जाता है कि सूचना मिलने पर लड़के का भाई तमंचा लेकर आया और परिवार वालों को डरा-धमकाकर बंधक बने भाई को छुड़ाने का प्रयास किया। बताया गया कि, ग्रामीणों ने उसका तमंचा छीनकर पुलिस को सौंप दिया, इधर मौका पाकर वह प्रेमी और उसका भाई फरार हो गए। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है। संवाद