गोला कोतवाली में खड़े सीज किए गए अवैध खनन के वाहन। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। सतौती सरोवर में करीब दो माह से अवैध खनन कर लाई गई मिट्टी से पटान किया जा रहा है, जिस पर गुरुवार की आधी रात एसडीएम और सीओ ने छापा मारकर एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्रॉली सीज कर कब्जे में ले ली हैं।
गुरुवार की आधी रात एसडीएम अखिलेश यादव और सीओ रविंद्र कुमार वर्मा ने प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे के साथ छापा मारा। अधिकारियों को मौके पर निघासन थाना क्षेत्र के सिमरा पुरवा निवासी संदीप जेसीबी से और लक्ष्मण जती निवासी सुनील, हैदराबाद थाना क्षेत्र के सोरनिया निवासी इसहाक ट्रैक्टर ट्रॉली से अवैध खनन कर लाई गई मिट्टी से पटान करते मिले। अधिकारियों ने तीनों वाहनों को सीज कर कब्जे में ले लिया और कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया। मामले की रिपोर्ट डीएम, एसपी और जिला खनन अधिकारी को भेज दी गई है।
एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि कुछ लोग रात के अंधेरे में अवैध खनन कर लाई गई मिट्टी से पटान करा रहे हैं। रात में ही छापा मारा गया, मौके पर मिली जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों को सीज कर दिया गया है। जो लोग अवैध खनन करा रहे हैं, उन पर भी कार्रवाई होगी। संवाद